“‘मैं’ से ‘हम’ तक : सादगीपूर्ण वैवाहिक जीवन के 25 वर्षों का पावन संगम” 💐✨

जहाँ दो नदियाँ मिलकर संगम बनाती हैं, वह स्थान केवल भौगोलिक मिलन नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता और एकत्व का प्रतीक बन जाता है। ठीक उसी प्रकार विवाह भी दो व्यक्तियों का मात्र सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि दो चेतनाओं, दो संस्कारों, दो जीवन यात्राओं का ऐसा पावन संगम है, जहाँ “मैं” और “तुम” का भाव धीरे-धीरे समाप्त होकर “हम” में परिवर्तित हो जाता है। अग्नि को साक्षी मानकर लिए गए सात फेरे केवल वचन नहीं होते, वे जीवन के प्रत्येक सुख-दुःख में साथ निभाने की एक मौन प्रतिज्ञा होते हैं।

आज हमारे वैवाहिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हुए। यह रजत यात्रा केवल वर्षों की गणना नहीं, बल्कि धैर्य, विश्वास, समर्पण, सादगी और प्रेम की निरंतर साधना रही है। परमपूज्य गुरुदेव एवं देवाधिदेव महादेव से यही प्रार्थना है कि वे हमारे जीवन में अनुराग, उल्लास और आनंद का प्रकाश यूँ ही बनाए रखें तथा हमारे जीवन के प्रत्येक क्षण को उत्सव में रूपांतरित करने की शक्ति प्रदान करें।

मिले थे कुछ यूँ हम #सफ़र में,
साथ जो चले तो लगा आज भी हम #सफ़र में हैं…
और चाहत बस इतनी सी है कि
सफ़र-दर-सफ़र, हर जन्म में
हम यूँ ही एक-दूसरे के #हमसफ़र बने रहें…। ❤️

जब पीछे मुड़कर इन 25 वर्षों को देखता हूँ तो महसूस होता है कि जीवन की हर उपलब्धि के पीछे एक शांत, दृढ़ और अटूट शक्ति हमेशा खड़ी रही — “संजना”।
नौकरी और पेशे की व्यस्तताओं में जीवन का अधिकांश समय दायित्वों के निर्वहन में बीत गया। अनेक लोगों की समस्याओं के समाधान खोजते-खोजते शायद ही कभी अपने जीवन को ठहरकर जी पाया। कई बार मन हुआ कि थोड़ा समय निकालूँ, उनके साथ कहीं दूर चलूँ, कुछ पल सिर्फ अपने लिए जी लूँ, पर जिम्मेदारियों का सिलसिला कभी थमा ही नहीं।

लेकिन इन 25 वर्षों में उन्होंने कभी कोई शिकायत नहीं की। घर को सहेजा, रिश्तों में मधुरता बनाए रखी, बच्चों में संस्कारों की नींव डाली और हर उतार-चढ़ाव में चट्टान की तरह साथ खड़ी रहीं। जब मैं अपने कार्यों में व्यस्त रहा, तब वे मौन रहकर घर की हर जिम्मेदारी निभाती रहीं। मेरा निश्चिंत होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाना, उनके विश्वास, त्याग और धैर्य का ही परिणाम है।

आज इस विशेष अवसर पर मन में #स्मृतियों का अथाह सागर उमड़ रहा है — कुछ संघर्षों की यादें, कुछ मुस्कुराते पल, कुछ अधूरे सपने और उन्हें पूरा करने का विश्वास। एक गहरा संतोष भी है कि जीवन की इस लंबी यात्रा में साथ कभी छूटा नहीं। समय बदलता रहा, परिस्थितियाँ बदलती रहीं, लेकिन हमारे बीच का विश्वास और अपनापन हर दिन और गहरा होता गया।

संजना, आपका मौन समर्पण ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी है। आपने केवल एक पत्नी का दायित्व नहीं निभाया, बल्कि एक सच्चे मित्र, मार्गदर्शक और #जीवनसाथी के रूप में हर मोड़ पर मेरा हाथ थामे रखा। शायद यही कारण है कि यह लंबा #सफ़र कभी बोझ नहीं लगा। दोस्त के साथ चलने पर रास्ते कब कट जाते हैं, पता ही नहीं चलता… और जब वही दोस्त #जीवनसाथी बन जाए तो जीवन सचमुच एक सुंदर उत्सव बन जाता है।

आओ सजन, आने वाले कल में
एक नया कल सजाएँ…
जो छूट गया था जीवन में,
उसे अब साथ मिलकर पूरा बनाएँ…
कुछ अपने, कुछ तुम्हारे सपनों का
एक नया जहान बसाएँ…

ज़िन्दगी की अनुभूतियाँ कभी पुरानी नहीं होतीं। समय बीत जाता है, पर कुछ #स्मृतियाँ मन के किसी कोने में दीपक की लौ की तरह निरंतर जलती रहती हैं। कई बार लगता है कि जो पल हाथों से फिसल गए, वे कहीं दूर नहीं गए… वे आज भी वहीं खड़े हैं, उसी दहलीज़ पर, हमारी प्रतीक्षा में — कि कब हम लौटकर उन्हें फिर से जी लें।

वक्त ने सचमुच क्या हसीन सितम किया…
हम रहे न हम, तुम रहे न तुम…
और शायद यही #विवाह का सबसे सुंदर रूप है।
जब एक पौधा अपने आँगन से निकलकर दूसरे आँगन में रोपा जाता है, तो धीरे-धीरे वहाँ की मिट्टी, हवा, पानी और स्नेह में ढलकर उसी आँगन का अभिन्न हिस्सा बन जाता है। समय के साथ वह पौधा वृक्ष बनता है और फिर उसका अस्तित्व अपने साथी से अलग नहीं रह जाता। एक-दूसरे के बिना जीवन अधूरा लगने लगता है।

आज हमारी शादी की 25वीं वर्षगाँठ पर यही अनुभव सबसे गहराई से महसूस हो रहा है कि जीवन के इस #सफ़र में संजना केवल पत्नी नहीं, बल्कि मेरी सबसे अच्छी मित्र, मेरी प्रेरणा और मेरी सच्ची #हमसफ़र रही हैं। शायद इसी कारण यह #सफ़र इतनी सहजता से यहाँ तक पहुँच पाया।

अब तो बस यही तमन्ना है —
ज़िन्दगी की शाम उनकी बाँहों में हो,
और फिर उस सुबह की कोई शाम न हो…

आप सभी के स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार।
ईश्वर से प्रार्थना है कि हमारे जीवन में यह विश्वास, यह स्नेह और यह मुस्कान यूँ ही बनी रहे…।

आज इन 25 वर्षों बाद महसूस होता है…

‘ हाँ तुम बिलकुल वैसी हो, जैसा मैंने सोचा था…’ ❤️” 
 
#विवाह_की_रजत_जयंती #सादगी_भरा_सफर #ईश्वर_कृपा
#मैं_से_हम_तक #यादों_का_सफर #सात_जन्मों_का_बंधन
#शिव_शक्ति

Comments

Popular posts from this blog

श्रद्धांजलि मेरे जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक को